डेढ़ दर्ज़न सुनारों का सोना लेकर कारीगर फ़रार

नारनौल, 16 नवम्बर|

महेंद्रगढ़ में सोने चांदी के जेवर बनाने वाला एक कारीगर करीब डेढ़ दर्जन सर्राफा कारोबारियों का लगभग 930 ग्राम सोना और 3 लाख रुपये नकद लेकर अचानक लापता हो गया। इस सोने की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस घटना से व्यापारियों में गहरा रोष है। पीड़ित सुनारों ने सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपी सुनील कुमार उर्फ छोटे नौतना का रहने वाला है और फ़िलहाल शिव कॉलोनी, महेंद्रगढ़ में रह रहा था| वह पिछले करीब 10 वर्षों से महेंद्रगढ़ सर्राफा बाजार में सुनारों के लिए आभूषण तैयार करने का काम करता था। लंबे समय से जुड़े होने के कारण कारोबारियों का उस पर पूरा भरोसा था।

आरोप है कि वह 13 नवंबर को विभिन्न सुनारों से जेवर बनाने के लिए सोना और नकदी लेकर आया था। अगले सुबह करीब 8 बजे देविंद्र कुमार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद देविंद्र ने अपने भांजे रोहित कुमार को सुनील के घर भेजा। वहां मौजूद आरोपी के पिता कंवर सिंह और पत्नी ने बताया कि सुनील खाटू श्याम घूमने गया है। 

शिकायत के अनुसार जिन सुनारों का सोना उसने लिया था उनमें मुख्य रूप से देविंद्र कुमार – 225 ग्राम, लच्छी राम 113 ग्राम, मुकेश कुमार 60 ग्राम, भारत भूषण 50, ग्राम दिनेश कुमार 40 ग्राम, विनय कुमार 39.500 ग्राम, राकेश कुमार 35 ग्राम, नवीन कुमार व विनोद कुमार 30-30 ग्राम, तुषार मराठा 25.250 ग्राम, देवव्रत सोनी 28 ग्राम, गोविंद कुमार 14 ग्राम, सोना और 3 लाख रुपए नकद, नरेश कुमार 05 ग्राम, साबु 7.320 ग्राम, रवि कुमार 3.620 ग्राम, तथा गांव के अन्य सुनारों का लगभग 205 ग्राम सोना शामिल बताया गया है।

सिटी थाना पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ BNS की धारा 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की धरपकड़ और सोने की बरामदगी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। 

शहर में चर्चा है कि आरोपी को 14 नवंबर की सुबह करीब 5.20 बजे अर्टिगा कार से कहीं जाते हुए देखा गया था। 

Share this