अस्मी राव की जीत पर नारनौल के वकीलों ने बाँटे लड्डू

नारनौल, 28 अक्टूबर|
एडवोकेट अस्मी राव को पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल का निर्विरोध सदस्य चुने जाने पर नारनौल बार में लड्डू बाँटकर ख़ुशी मनाई गई| बार की ओर से उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गई|

एडवोकेट सजीत यादव के नेतृत्व में लड्डू बाँटकर ख़ुशी मनाते नारनौल बार के अधिवक्तागण
एडवोकेट सजीत यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल में एक पद अधिवक्ता मिन्दरजीत यादव के पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में जज बन जाने के कारण रिक्त हुआ था, जिसे भरने के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई थी| जिस पर एडवोकेट अस्मी राव को निर्विरोध चुना गया है|
उल्लेखनीय है कि अस्मी राव ने मात्र 23 वर्ष की उम्र में बार काउंसिल की सदस्य बनकर इतिहास रचा है, वे देश में सबसे कम उम्र की बार काउंसिल सदस्य हैं|
नारनौल बार के अधिवक्ताओं ने उनकी इस उपलब्धी पर ख़ुशी का इजहार करते हुए लड्डू बाँटे| इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद थे|


हरियाणा पुलिस में 170 पूर्व सैनिक पीएसओ की भर्ती होगी

हरियाणा पुलिस की दूरसंचार शाखा में 170 विशेष पुलिस अधिकारियों (SPOs) की नियुक्ति के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हरियाणा पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 21 के प्रावधानों के तहत ये नियुक्तियां एक वर्ष की अवधि के लिए की जाएंगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आगामी 5 नवंबर 2026 को अपने संबंधित जिले के जिला पुलिस कंट्रोल रूम में आवश्यक दस्तावेजों सहित व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार इन पदों के लिए सशस्त्र बलों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के भूतपूर्व सैनिकों के साथ-साथ भंग की जा चुकी हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (HSISF) तथा हरियाणा सशस्त्र पुलिस (HAP) बटालियनों के भूतपूर्व कांस्टेबल आवेदन करने के पात्र हैं। दूरसंचार उपकरणों के संचालन एवं रखरखाव का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। विशेष रूप से सशस्त्र बलों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सिग्नल कोर में सेवाएं दे चुके अभ्यर्थियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर विधिवत भरा हुआ आवेदन पत्र, सभी संबंधित मूल दस्तावेज, दस्तावेजों की स्वप्रमाणित अथवा सत्यापित छायाप्रतियों का एक सेट, आवश्यक शपथ-पत्र तथा निर्धारित संख्या में पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लेकर आने होंगे। आवेदन पत्र जमा करवाने एवं साक्षात्कार के लिए उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा दैनिक भत्ता (TA/DA) देय नहीं होगा। अपूर्ण आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा तथा निर्धारित तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवेदन पत्र, पात्रता मानदंड एवं आवश्यक शपथ-पत्रों के प्रारूप हरियाणा पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट haryanapolice.gov.in पर उपलब्ध “Engagement of 170 SPOs in Haryana Police Telecommunication Wing.pdf” शीर्षक वाली सूचना में देखे जा सकते हैं।
जिला पुलिस महेंद्रगढ़ ने जिले के सभी पात्र पूर्व सैनिकों एवं अन्य योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित जिला पुलिस कंट्रोल रूम में उपस्थित हों। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित सभी नियमों, पात्रता शर्तों एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।


मंडी अटेली में बाजरा खरीद के लिए 26 से 31 अक्टूबर का रोस्टर जारी

नारनौल, 25 अक्टूबर|
अटेली की नयी अनाज मंडी में बाजरे की खरीद के लिए तीसरा रोस्टर जारी किया गया है| जिसके अनुसार 26 से 31 अक्टूबर तक गाँव अनुसार खरीद की जाएगी|
मार्केट कमेटी के चेयरमैन दिनेश ने जानकारी देते हुए बताया कि बाजरा की खरीद सरकारी नियमों के अनुसार 11 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से रोस्टर के आधार पर की जा रही है। किसान अपने निर्धारित दिन ही बाजरा लेकर आयें ताकि कोई असुविधा न हो| 
उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को गाँव सुराणी, बिहाली, चन्दपुरा, खैराणी, 27 अक्टूबर को गाँव सगरपुर, अटेली, फतनी, जाट गुवाणा के किसानों का बाजरा खरीदा जायेगा| 
इसीप्रकार 28 अक्टूबर को अटाली, ताजपुर, हसनपुर, सलीमपुर, तोबडा, 29 अक्टूबर को भीलवाडा, खारीवाडा, गोकलपुर, किसान नगर, दुलोठ जाट जबकि 30 अक्टूबर को गुजरवास, खोड, गिरधरपुर, मोहनपुर, नीरपुर तथा 31 अक्टूबर को तिगरा, भोडी, कटकई, सिलारपुर गाँव के किसानों के बाजरे की खरीद की जाएगी| 

उन्होंने कहा कि जिन किसानों का रजिस्ट्रेशन है केवल वही किसान तय दिन पर सुबह 8 बजे से साय 5 बजे के बीच बाजरा लाएं, जिन्होंने ‘ई-खरीद’ में ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पर पंजीकरण कराया हुआ है। यदि किसान स्वयं मंडी नहीं आ सकता, तो वह पोर्टल पर नॉमिनी जोड़ सकता है।


उन्होंने बताया कि गेट पास कटवाने के लिए वाहन पर नंबर प्लेट होना अनिवार्य है। रोस्टर शेड्यूल से बाहर आने वाले किसानों को गेट पास जारी नहीं किया जाएगा। मंडी का गेट शाम 6 बजे बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद कोई गेट पास जारी नहीं होगा।

नारनौल में 26 से 31 अक्टूबर तक बाजरा खरीद का नया रोस्टर जारी

नारनौल, 25 अक्टूबर|

नई अनाज मंडी नारनौल में बाजरा खरीद के लिए 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक के लिए नया गांव-वाइज रोस्टर जारी किया गया है। मार्केट कमेटी के चेयरमैन बाबूलाल यादव व सचिव नुकुल यादव ने किसानों से अनुरोध किया कि वे अपने आधार कार्ड में दिए गए स्थायी पते के अनुसार ही अपने गांव का शेड्यूल समझें और मंडी में बाजरा बेचने आएं।

उन्होंने बताया कि शेड्यूल के अनुसार 26 अक्टूबर को रघुनाथपुरा, रसूलपुर और रामपुरा गांवों के किसानों के बाजरे की खरीद की जाएगी। इसी प्रकार 27 अक्टूबर को शहरपुर, रामबास और सेका, 28 को श्योनाथपुरा, सुराना, शाहपुर अव्वल (मांदी) तथा शाहपुर दोयम, 29 को टहला और ताजीपुर गांवों के किसानों के बाजरे की खरीद की जाएगी।

इसीप्रकार 30 अक्टूबर को तलोट, थाना, शोभापुर और सलुनी तथा 31 अक्टूबर को ताजपुर, सीहमा और सिलारपुर मेहता गांवों के किसानों के बाजरे की खरीद की जाएगी।

उन्होंने किसानों के अपील की है कि मंडी में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और असुविधा से बचने के लिए उपरोक्त निर्धारित तिथियों और अपने गांव के अनुसार ही फसल लेकर मंडी में पहुंचे ताकि खरीद कार्य शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

बिना हेलमेट और पीयूसी नहीं मिलेगा पेट्रोल

जिला उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बुधवार को लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर यह सुनिश्चित कराया जाए कि बिना पीयूसीसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र) के किसी भी वाहन को ईंधन न दिया जाए। इसी तरह बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चालकों को भी पेट्रोल न दिया जाए।

उन्होंने पेट्रोल पंपों पर इन निर्देशों की पालना के लिए पुलिस और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निरंतर निरीक्षण करने को कहा गया। उन्होंने परिवहन विभाग को प्रदूषण जांच केंद्रों की नियमित जांच के आदेश भी दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने सभी सड़क स्वामित्व वाली एजेंसियों को हर हादसा स्थल पर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
उन्होंने शराब या नशे का सेवन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कोचिंग सेंटरों से भी पॉलिसी की पालना कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि हिट एंड रन के मामलों की जांच करके जल्द कार्यवाही की जाए ताकि पीड़ितों को समय पर मुआवजा राशि मिल सके। उन्होंने सभी अवैध कट को भी जल्द से जल्द बंद करने के निर्देश दिए ।
उपायुक्त ने बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से स्कूल बसों की जांच निरंतर जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
इस मौके पर सचिव आरटीए मनोज कुमार ने बिंदुवार एजेंडा पेश किया। नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने भी अपने सुझाव दिए।

बाल भवन में 8 दिवसीय बाल महोत्सव प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ

बाल भवन नारनौल में 8 दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव-2026 का उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष अनुपमा अंजली ने शुभारम्भ किया। सेवानिवृत्त जिला बाल कल्याण अधिकारी विपिन कुमार शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल कल्याण अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने की।

मुख्य अतिथि अनुपमा अंजली ने बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों से कहा कि बाल भवन बच्चों की आयु, रुचि और योग्यता के अनुसार उनकी प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने बच्चों से जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर प्रयास करने, असफलता से सीख लेने और अभिभावकों व शिक्षकों के बताए सही मार्ग पर चलने का आह्वान किया। 
जिला बाल कल्याण अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि सोलो डांस और ग्रुप डांस (प्रथम व द्वितीय ग्रुप) में प्रथम व द्वितीय स्थान पाने वाले बच्चे मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। वहीं कार्ड मेकिंग (प्रथम ग्रुप) और क्ले मॉडलिंग (प्रथम व द्वितीय ग्रुप) के विजेता प्रतिभागी सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे, जिनकी तिथियां और स्थान मुख्यालय चंडीगढ़ द्वारा बाद में घोषित की जाएँगी। इन सभी विजेताओं को 14 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह में उपायुक्त द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
महोत्सव के पहले दिन आयोजित कार्ड मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, सोलो डांस और ग्रुप डांस की प्रतियोगिताओं में जिले के 40 सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों के 510 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों ने क्ले मॉडलिंग में फ्री-हैंड कलाकृतियां बनाईं, कार्ड मेकिंग में विभिन्न त्योहारों व विशेष दिवसों पर सुंदर कार्ड बनाए और नृत्य प्रतियोगिताओं में हरियाणवी व लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।