हरियाणा पुलिस में 170 पूर्व सैनिक पीएसओ की भर्ती होगी

हरियाणा पुलिस की दूरसंचार शाखा में 170 विशेष पुलिस अधिकारियों (SPOs) की नियुक्ति के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हरियाणा पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 21 के प्रावधानों के तहत ये नियुक्तियां एक वर्ष की अवधि के लिए की जाएंगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आगामी 5 नवंबर 2026 को अपने संबंधित जिले के जिला पुलिस कंट्रोल रूम में आवश्यक दस्तावेजों सहित व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार इन पदों के लिए सशस्त्र बलों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के भूतपूर्व सैनिकों के साथ-साथ भंग की जा चुकी हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (HSISF) तथा हरियाणा सशस्त्र पुलिस (HAP) बटालियनों के भूतपूर्व कांस्टेबल आवेदन करने के पात्र हैं। दूरसंचार उपकरणों के संचालन एवं रखरखाव का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। विशेष रूप से सशस्त्र बलों एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सिग्नल कोर में सेवाएं दे चुके अभ्यर्थियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर विधिवत भरा हुआ आवेदन पत्र, सभी संबंधित मूल दस्तावेज, दस्तावेजों की स्वप्रमाणित अथवा सत्यापित छायाप्रतियों का एक सेट, आवश्यक शपथ-पत्र तथा निर्धारित संख्या में पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लेकर आने होंगे। आवेदन पत्र जमा करवाने एवं साक्षात्कार के लिए उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा दैनिक भत्ता (TA/DA) देय नहीं होगा। अपूर्ण आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा तथा निर्धारित तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवेदन पत्र, पात्रता मानदंड एवं आवश्यक शपथ-पत्रों के प्रारूप हरियाणा पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट haryanapolice.gov.in पर उपलब्ध “Engagement of 170 SPOs in Haryana Police Telecommunication Wing.pdf” शीर्षक वाली सूचना में देखे जा सकते हैं।
जिला पुलिस महेंद्रगढ़ ने जिले के सभी पात्र पूर्व सैनिकों एवं अन्य योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित जिला पुलिस कंट्रोल रूम में उपस्थित हों। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित सभी नियमों, पात्रता शर्तों एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।


Share this