बाल भवन में 8 दिवसीय बाल महोत्सव प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ

बाल भवन नारनौल में 8 दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव-2026 का उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष अनुपमा अंजली ने शुभारम्भ किया। सेवानिवृत्त जिला बाल कल्याण अधिकारी विपिन कुमार शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल कल्याण अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने की।

मुख्य अतिथि अनुपमा अंजली ने बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों से कहा कि बाल भवन बच्चों की आयु, रुचि और योग्यता के अनुसार उनकी प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने बच्चों से जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर प्रयास करने, असफलता से सीख लेने और अभिभावकों व शिक्षकों के बताए सही मार्ग पर चलने का आह्वान किया। 
जिला बाल कल्याण अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि सोलो डांस और ग्रुप डांस (प्रथम व द्वितीय ग्रुप) में प्रथम व द्वितीय स्थान पाने वाले बच्चे मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। वहीं कार्ड मेकिंग (प्रथम ग्रुप) और क्ले मॉडलिंग (प्रथम व द्वितीय ग्रुप) के विजेता प्रतिभागी सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे, जिनकी तिथियां और स्थान मुख्यालय चंडीगढ़ द्वारा बाद में घोषित की जाएँगी। इन सभी विजेताओं को 14 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह में उपायुक्त द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
महोत्सव के पहले दिन आयोजित कार्ड मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, सोलो डांस और ग्रुप डांस की प्रतियोगिताओं में जिले के 40 सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों के 510 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों ने क्ले मॉडलिंग में फ्री-हैंड कलाकृतियां बनाईं, कार्ड मेकिंग में विभिन्न त्योहारों व विशेष दिवसों पर सुंदर कार्ड बनाए और नृत्य प्रतियोगिताओं में हरियाणवी व लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। 

Share this